Chhattisgarhक्राइम

डेढ़ लाख की रिश्वत लेते GST की सहायक आयुक्त रंगे हाथों गिरफ्तार, बिचौलिए के जरिए घर पर मंगवाई थी रकम

ई-वे बिल के मामले में वाहन छोड़ने मांगे थे 1.50 लाख रुपये, ACB की टीम ने निवास पर की कार्रवाई

कांकेर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी और एक बिचौलिए को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ई-वे बिल से जुड़े मामले में रोके गए वाहन को छोड़ने और राहत देने के एवज में यह रकम मांगी गई थी। ACB की टीम ने सहायक आयुक्त के निवास पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी शोएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि ई-वे बिल से संबंधित प्रकरण में उनका वाहन रोक लिया गया है। वाहन को रिलीज करने और मामले में राहत देने के बदले सहायक आयुक्त अंचला गिरी द्वारा 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद जगदलपुर ACB की टीम ने 21 नवंबर को ट्रैप की योजना बनाई।

बिचौलिए के जरिए घर तक पहुंची रिश्वत की रकम

योजना के तहत शुक्रवार को जब रिश्वत की राशि सहायक आयुक्त के निवास पर पहुंचाई गई, तभी ACB की टीम ने दबिश देकर अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपये के साथ पकड़ लिया। इस पूरे लेन-देन में संजय नगर निवासी इमरान मेमन (30) की भूमिका बिचौलिए के रूप में सामने आई, जिसे टीम ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

आय से अधिक संपत्ति की जांच भी शुरू

रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद ACB की टीम ने अंचला गिरी के आवास पर तलाशी अभियान शुरू किया है। टीम को आय से अधिक संपत्ति का संदेह है, जिसे लेकर घर में मौजूद संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। ACB ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button