बम्हनीडीह को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तीन बड़ी सौगात, हसदेव पुल, बिजली सब डिवीजन और मंगल भवन की घोषणा

नगर पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह में CM ने कहा- स्थानीय निकाय विकास और जनविश्वास की सबसे मजबूत कड़ी हैं।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह में नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर क्षेत्र के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। CM विष्णुदेव साय ने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल, बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय और सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की।


स्थानीय निकायों की भूमिका पर दिया जोर
समारोह को संबोधित करते हुए CM विष्णुदेव साय ने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे सशक्त कड़ी है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं, बल्कि नागरिकों की आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए जनविश्वास के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।
‘हर वर्ग के विकास के लिए सरकार कर रही काम’

CM विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार पिछले ढाई वर्षों में हर वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बम्हनीडीह को विकास का मॉडल बनाने की बात
CM विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण केवल बड़े शहरों से नहीं, बल्कि बम्हनीडीह जैसे उभरते नगरों को सशक्त बनाने से होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बम्हनीडीह नगर पंचायत जनभागीदारी, सुशासन और विकास का आदर्श मॉडल बनकर उभरेगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद गुहाराम अजगल्ले, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, पूर्व विधायक खिलावन साहू, पूर्व विधायक केशव चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य उमा राजेंद्र राठौर, नगर पंचायत बम्हनीडीह के अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, SP विजय कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




