शराब दुकान में नकली नोट खपाने की कोशिश नाकाम, अकलतरा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

₹500 के चार नकली नोटों से शराब खरीदने का प्रयास कर रहे युवक को पुलिस ने मौके से पकड़ा। जांच में सभी नोट फर्जी मिले, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
🔴 Aaj Ki Baat News |जांजगीर चाम्पा
अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान में ₹500 के नकली नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से ₹500 के चार नकली नोट बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच के दौरान फर्जी पाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को देशी मदिरा दुकान अकलतरा से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ₹500 का संदिग्ध नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष), निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹500 के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।
बैंक जांच में नकली निकले सभी नोट
पुलिस के अनुसार, बरामद नोटों की जांच स्टेट बैंक, अकलतरा में कराई गई, जहां चारों नोट नकली पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि सभी नोटों का सीरियल नंबर एक ही था। पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लाया था।
बीएनएस की धारा 180 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 180 के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में कमलदास बैनर्जी, प्रधान आरक्षक शरीफ खान, आरक्षक वाल्मीकि राठौर एवं आरक्षक महेंद्र राज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




