जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1372 बोरी खाद जब्त

खरीफ सीजन से पहले उर्वरक वितरण में अनियमितता पर सख्ती, दो विक्रेताओं के गोदामों में की गई जब्ती की कार्रवाई
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और वितरण में अनियमितताओं पर कृषि विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में कृषि विभाग ने जिले के दो उर्वरक विक्रेताओं के यहां छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 1372 बोरी खाद जब्त की है। उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के निर्देश पर जिले में निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उर्वरक वितरण में अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
05 जून 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम ने जिले के दो उर्वरक विक्रेताओं के यहां जांच की, जहां दस्तावेजों और स्टॉक में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
पोड़ी में 1272 बोरी उर्वरक जब्त
मेसर्स सुरेश कुमार अग्रवाल, ग्राम पोड़ी, विकासखंड नवागढ़ के यहां निरीक्षण के दौरान 1000 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) तथा 272 बोरी एनपीके उर्वरक का भंडारण पाया गया। जांच के दौरान विक्रेता द्वारा उर्वरकों के क्रय बिल प्रस्तुत नहीं किए गए। साथ ही स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं पाया गया और पीओएस मशीन में दर्ज मात्रा का गोदाम में उपलब्ध भंडारण से मिलान भी नहीं हुआ।
तुस्मा में 100 बोरी यूरिया जब्त
इसी प्रकार मेसर्स पटेल खाद भंडार, ग्राम तुस्मा में निरीक्षण के दौरान 100 बोरी यूरिया के संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। यहां भी स्टॉक रिकॉर्ड और वास्तविक भंडारण में विसंगति पाई गई। अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों विक्रेताओं के गोदामों में भंडारित उर्वरकों को उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया।

कालाबाजारी पर जारी रहेगी सख्ती
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।




