आतंकी हमले के पीड़ितों के लिए बड़ी राहत, मुख्यमंत्री साय ने 20-20 लाख की सहायता का किया ऐलान

कुलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों के परिजनों को राज्य सरकार देगी 20-20 लाख रुपये की सहायता।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मृतकों में सक्ती जिले के दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैना शामिल हैं।
20-20 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। राज्य सरकार की ओर से दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
आतंकी हमले की निंदा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुलगाम में प्रवासी श्रमिकों पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है और ऐसे कायराना कृत्यों का किसी भी सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है।
नोडल अधिकारी नियुक्त
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगी, जो पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की निगरानी करेगा।
परिजनों के प्रति संवेदना
मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



