Chhattisgarh

अंबिकापुर: संजय वन वाटिका में सुरक्षा की बड़ी चूक, कुत्तों के हमले में 15 हिरणों की मौत, जांच के आदेश

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित संजय वन वाटिका से एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर कुछ आवारा कुत्तों ने हिरणों के बाड़े में हमला कर दिया, जिससे 15 हिरणों की असामयिक मृत्यु हो गई है। इस घटना ने वन्यजीवों के संरक्षण और वाटिका की सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना लगभग दो दिन पुरानी बताई जा रही है। सुरक्षा घेरे को पार कर 4 से 5 आवारा कुत्ते हिरणों के बाड़े में प्रविष्ठ हो गए। बाड़े में मौजूद हिरणों पर कुत्तों ने अचानक आक्रमण कर दिया, जिससे कुल 15 हिरणों की जान चली गई।


प्रबंधन पर जानकारी छिपाने का आरोप
घटना के संबंध में सबसे चिंताजनक पहलू यह सामने आया है कि वाटिका प्रबंधन ने शुरुआत में इस मामले को सार्वजनिक नहीं किया। अपुष्ट खबरों के अनुसार, 15 में से 14 हिरणों के अवशेषों को वाटिका परिसर के पिछले हिस्से में स्थित जंगल में विनष्ट करने का प्रयास किया गया, ताकि यह मामला उच्च अधिकारियों की नजर में न आ सके।


वन विभाग की त्वरित कार्रवाई
मामले की भनक लगते ही वन मण्डलाधिकारी (DFO) अभिषेक जोगावत ने दल-बल के साथ घटना स्थल का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाड़े में एक मृत हिरण और जंगल क्षेत्र में अन्य हिरणों के जले हुए अवशेष प्राप्त हुए हैं, जो प्रथम दृष्टया प्रबंधन की लापरवाही की ओर संकेत करते हैं।


जांच समिति का गठन: 48 घंटे में मांगी रिपोर्ट
डीएफओ ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए इसे प्रबंधन की बड़ी चूक माना है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस लापरवाही के लिए उत्तरदायी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप वन मण्डलाधिकारी (SDO) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। टीम को अगले दो दिनों (48 घंटे) के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।


इस जांच रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि सुरक्षा व्यवस्था में त्रुटि कहाँ रही और घटना को गुप्त रखने का निर्णय किसका था। फिलहाल, स्थानीय वन्यजीव प्रेमियों में इस घटना को लेकर गहरी संवदेना और चिंता देखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button