Chhattisgarhक्राइम

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल झपट्टा, बाइक सवार फरार

राजधानी रायपुर में बढ़ती लूट की घटनाओं के बीच भाजपा नेता भी बने निशाना, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

रायपुर, 18 मई 2026। केंद्रीय गृहमंत्री  अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच राजधानी रायपुर में झपटमारी की एक बड़ी घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट की घटना का शिकार हो गए।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब सवा 8 बजे धरमलाल कौशिक घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और मोबाइल फोन झपटकर मौके से फरार हो गया। घटना के समय वे अकेले थे।

घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

राजधानी में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाएं

रायपुर में पिछले कुछ दिनों से मोबाइल लूट और झपटमारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दो दिन पहले पंडरी इलाके में भी एक युवक पर ब्लेड से हमला कर मोबाइल लूटने की घटना हुई थी।

लगातार बढ़ती ऐसी वारदातों से शहरवासियों में चिंता का माहौल है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button