नवागढ़ में खूनी खेल: युवक को घेरकर रॉड और चूड़े से अधमरा किया, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया

अमोरा शनि मंदिर के पास बुलाकर किया था कातिलाना हमला; बिट्टू राजा समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
जांजगीर-चांपा। नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
बातचीत के बहाने बुलाया और बरसा दीं लोहे की रॉड
प्रार्थी द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त को पुराने विवाद के सिलसिले में बातचीत करने के नाम पर उसे व उसके साथियों को ग्राम अमोरा स्थित शनि मंदिर के पास बुलाया गया था। प्रार्थी के मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, डंडे और हाथ में पहने भारी धातु के चूड़े से प्रार्थी पर प्राणघातक वार किए। हमले के दौरान दहशत फैलाने के इरादे से आरोपियों ने पीड़ित की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को भी बुरी तरह तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
पूछताछ में जुर्म कबूल, वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद
घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही नवागढ़ पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का मुआयना किया और घेराबंदी कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, डंडा और चूड़ा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में देवव्रत सिंह उर्फ बिट्टू राजा, श्रेयांश सिंह उर्फ उमंग सिंह और हेमन्त कश्यप (सभी निवासी ग्राम महंत, थाना नवागढ़) शामिल हैं। इस कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, एएसआई लम्बोदर सिंह बनाफर एवं स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।




