सकल सुमंगल दायक रघुनायक गुन गान – राजेश्री महन्त


लोधी खपरी (साजा) में आयोजित श्री राम कथा में सम्मिलित हुए महामंडलेश्वर

जांजगीर चाम्पा। ग्राम लोधी खपरी (साजा) में आयोजित श्री राम कथा कार्यक्रम में महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर उन्होंने अयोध्या पुरी धाम से पधारे व्यास पीठासीन अनंत श्री विभूषित श्री स्वामी मधुसूदनाचार्य जी महाराज का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। स्वामी मधुसूदनाचार्य जी महाराज ने भी उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि उपस्थित सभी श्रद्धालु अत्यंत सौभाग्यशाली हैं जिन्हें आचार्य श्री के मुखारविंद से श्री राम कथा का रसपान करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वयं उन्हें भी श्री शिवरीनारायण मठ एवं श्री दूधाधारी मठ में आचार्य जी से भगवान के चरित्र का रसपान करने का सुअवसर मिला है। आचार्य श्री परम विद्वान हैं और उनका सान्निध्य सदैव प्रेरणादायी रहा है।
महन्त जी महाराज ने कहा कि भगवान राघवेंद्र सरकार का चरित्र समस्त मंगलों को प्रदान करने वाला है। इसके श्रवण मात्र से ही बिना किसी अन्य साधन के भवसागर से पार होने का मार्ग प्रशस्त होता है। इस संदर्भ में उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज की चौपाई का उल्लेख किया—
“सकल सुमंगल दायक रघुनायक गुन गान।
सादर सुनहिं ते तरहिं भव सिंधु बिना जल जान॥”
व्यास पीठ से स्वामी मधुसूदनाचार्य जी महाराज ने कहा कि परम पूज्य राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज अत्यंत शांत, सरल हृदय एवं दुर्लभ संत हैं। उनके दर्शन से यह स्थल धन्य हो गया है और उनका स्नेह व आशीर्वाद सदैव प्राप्त होता रहता है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक अश्वनी तिवारी, क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




