CEO जिला पंचायत वासु जैन ने किया विकास कार्यों का औचक निरीक्षण, अधूरे कार्यों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कोटेतरा समेत कई ग्राम पंचायतों का दौरा, स्कूल जीर्णोद्धार और मुक्तिधाम निर्माण कार्यों का लिया जायजा
🔴 Aaj Ki Baat News | सक्ति
जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (आईएएस) वासु जैन ने जनपद पंचायत जैजैपुर क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत कोटेतरा, बर्रा, मलनी और नंदेली में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
स्कूल जीर्णोद्धार और मुक्तिधाम निर्माण का किया निरीक्षण
ग्राम कोटेतरा में सीईओ वासु जैन ने मिडिल स्कूल जीर्णोद्धार एवं मुक्तिधाम आहाता निर्माण के प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल भवन लगभग 75 वर्ष पुराना है और जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत राशि पर्याप्त नहीं होने के कारण कार्य अधूरा है। उन्होंने कार्य पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने की मांग भी रखी।
प्राथमिक शाला में सुविधाओं की जानकारी ली
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्राथमिक शाला का भी अवलोकन किया। इस दौरान प्रधान पाठक श्रीमती सरिता रानी खैरवार ने विद्यार्थियों के लिए बैठने हेतु बेंच उपलब्ध कराने की मांग रखी। सीईओ ने आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की सराहना
सीईओ वासु जैन ने ग्राम पंचायतों में किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्यों की सराहना की तथा निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के अनुविभागीय अधिकारी महेंद्र कपूर कुर्रे, उप अभियंता शरद कुमार देवांगन, समयपाल भुवनेश्वर साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




