Chhattisgarh

“छत्तीसगढ़ विधानसभा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और स्वस्थ संसदीय परंपरा का जीवंत उदाहरण” – राज्यपाल रमेन डेका

राज्यपाल ने नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा को प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्पों का सशक्त मंच बताया।

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और स्वस्थ संसदीय परंपरा का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विधानसभा लोकसेवा का वह केंद्र है, जहां जनप्रतिनिधि जनकल्याण के लिए कार्य करते हैं। विधानसभा की गरिमा उसके सदस्यों के आचरण, व्यवहार और विचारों से निर्धारित होती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की श्रेष्ठ विधानसभाओं में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी है और पक्ष-विपक्ष के बीच समन्वय एवं सम्मान की भावना इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। बुधवार को विधानसभा परिसर में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण राज्यपाल रमेन डेका ने किया। इस अवसर पर आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट विधायक एवं संसदीय पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने लोकतांत्रिक परंपराओं को बताया विकास की आधारशिला

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्पों को साकार करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि विधानसभा ने अपने गठन के बाद से लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय गरिमा और अनुशासन की ऐसी परंपराएं स्थापित की हैं, जिनकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की पहली और एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में प्रवेश करते ही विधायक स्वतः निलंबित हो जाते हैं। यह व्यवस्था संसदीय अनुशासन, आत्मनियंत्रण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। संसदीय पत्रकार विधानसभा और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा निष्पक्ष एवं तथ्यपरक पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाती है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया ऐतिहासिक अवसर

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन के बाद नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण विधानसभा के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की उत्कृष्ट संसदीय परंपराएं भविष्य में भी लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करती रहेंगी।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पक्ष और प्रतिपक्ष राजनीतिक मतभेदों के बावजूद प्रदेशहित के विषयों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा करते हैं। उत्कृष्टता अलंकरण केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं और उत्कृष्ट जनप्रतिनिधित्व को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।

विधायक और संसदीय पत्रकार हुए सम्मानित

समारोह में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दैनिक पत्रिका के संतराम साहू को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार अलंकरण प्रदान किया गया। वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर अलंकरण से सम्मानित किया गया।

अनूप जलोटा की प्रस्तुति ने बांधा समां

समारोह के सांस्कृतिक सत्र में प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायकगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button