बलौदा पुलिस की नई पहल: चारपारा गांव में 60 ‘महिला कमांडो’ तैयार, अब सीटी और टोपी के साथ अपराधियों पर रखेंगी पैनी नज़र

जांजगीर-चाँपा: सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के लिए बलौदा पुलिस ने एक बड़ी शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के मार्गदर्शन में ग्राम चारपारा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ‘महिला कमांडो’ टीम का गठन किया गया है।
60 सक्रिय महिलाओं की बनी ‘सुरक्षा कवच’ टीम
थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा की मौजूदगी में गांव की 60 उत्साही और सक्रिय महिलाओं को मिलाकर इस विशेष कमांडो टीम को तैयार किया गया है। इस टीम का मुख्य उद्देश्य गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखना, नशाखोरी के खिलाफ आवाज उठाना और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाना है।
टोपी और सीटी से मिली नई पहचान
महिला कमांडो टीम को उनके कर्तव्यों की जानकारी देने के साथ-साथ पुलिस विभाग द्वारा विशेष टोपी और सीटी वितरित की गई। यह वर्दी न केवल उन्हें समाज में एक अलग पहचान देगी, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में अलर्ट करने के काम भी आएगी। थाना प्रभारी ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे समाज में सुरक्षा की पहली कड़ी हैं।
साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के गुरु सिखाए
कार्यक्रम के दौरान केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आधुनिक अपराधों पर भी चर्चा हुई। थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने ग्रामीणों और महिलाओं को: ऑनलाइन धोखाधड़ी (Online Fraud) से बचने के तरीके बताए। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी (OTP) शेयर न करने की हिदायत दी।
पुलिस और जनता के बीच बढ़ेगा भरोसा
एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में शुरू हुई इस ‘सामुदायिक पुलिसिंग’ का लक्ष्य पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना है। ग्राम चारपारा के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। महिलाओं ने भी संकल्प लिया है कि वे गांव को अपराध मुक्त बनाने में पुलिस का कंधे से कंधा मिलाकर साथ देंगी।





