क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

अंतरराज्यीय लूट व उठाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश, जांजगीर पुलिस ने बिहार के दो शातिर लुटेरों को दबोचा

5 जिलों में 7 वारदातों को अंजाम देकर उड़ाए थे 9.83 लाख रुपये, 150 CCTV कैमरों ने खोला राज

जांजगीर-चांपा। जांजगीर पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट और उठाईगिरी करने वाले एक बेहद शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता हासिल की है। बिहार के कटिहार जिले से आकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में आतंक मचाने वाले इस गिरोह के दो सदस्यों को सायबर थाना जांजगीर और शिवरीनारायण पुलिस की संयुक्त टीम ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, सारंगढ़ और जांजगीर में कुल 7 वारदातों में 9.83 लाख रुपये की लूट स्वीकार की है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को ग्राम धरदेई निवासी एक व्यक्ति पामगढ़ एसबीआई से 2.5 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहा था। बाइक सवार अज्ञात आरोपियों ने उसका पीछा किया और मौका पाकर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सायबर टीम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

150 सीसीटीवी और ‘लॉज’ में बिछाया जाल

जांच के दौरान पुलिस ने जांजगीर से बिलासपुर के बीच लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध बाइक का पीछा करते हुए टीम बिलासपुर पहुंची। तकनीकी इनपुट के आधार पर पता चला कि आरोपी बिहार के हैं और पुराने बस स्टैंड के पास एक लॉज में रुके हैं। पुलिस टीम ने ‘ग्राहक’ बनकर लॉज में दबिश दी और घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा।

केवांच पाउडर और फर्जी नंबर प्लेट का खेल

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी बिहार से बाइक चोरी कर लाते थे और उन पर छत्तीसगढ़ की फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। वे बैंक के भीतर रेकी करते थे और बुजुर्गों व महिलाओं को निशाना बनाते थे। शिकार को गुमराह करने के लिए वे केंवाच (खुजली वाले) पाउडर का इस्तेमाल करते थे, जिससे पीड़ित का ध्यान भटकते ही वे रकम पार कर देते थे।

गिरफ्तार आरोपी:

  • दीपक यादव (36 वर्ष): निवासी नया टोला जोराबगंज, कोढ़ा, कटिहार (बिहार)।
  • अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28 वर्ष): निवासी नया टोला जोराबगंज, कोढ़ा, कटिहार (बिहार)।

जब्त सामग्री
दो चोरी की मोटरसाइकिलें
4 फर्जी आधार कार्ड और 3 मोबाइल फोन
केंवाच पाउडर
10,500 रुपये नकद

इन वारदातों को दिया अंजाम

अंबिकापुर: 04.12.25 को 2 लाख और 16.01.26 को 88 हजार की लूट

रायगढ़ (खरसिया): 16.12.25 को 1 लाख और 12.01.26 को 2 लाख की लूट

सारंगढ़: 13.01.26 को 60 हजार की लूट

कोरबा (कटघोरा): 16.02.26 को 85 हजार की लूट

जांजगीर (शिवरीनारायण): 13.02.26 को 2.5 लाख की लूट

seized matter bike 2026 02 19 16 37 383086593234877896073

जांजगीर पुलिस की जनता से अपील

पुलिस ने आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है
बड़ी रकम निकालते समय किसी अनजान को जानकारी न दें।

कैश के बजाय ऑनलाइन ट्रांसफर (UPI/RTGS) को प्राथमिकता दें।

बैंक के बाहर संदिग्धों पर नजर रखें, अगर कोई पीछा करे तो तुरंत भीड़भाड़ वाले क्षेत्र या थाने जाएं।

बाइक की डिक्की में पैसे रखने से बचें।

seized matter 2026 02 19 16 37 382001222703495954808
seized matter ahar card 2026 02 19 16 37 386398956560223681562

Related Articles

Back to top button