मछुआरा समिति का चक्का जाम: 21 नामजद सहित अन्य पर FIR दर्ज

जांजगीर-चांपा । बिना अनुमति चक्का जाम कर यातायात बाधित करने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी 2026 को मत्स्य विभाग कार्यालय के सामने प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर आवागमन रोक दिया। समझाइश देने पहुंचे शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई, जिससे शासकीय कार्य भी प्रभावित हुआ।
सहायक मत्स्य अधिकारी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 99/26, धारा 221, 126(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने वालों पर किसी भी सूरत में रियायत नहीं दी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनके आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।




