क्राइमजाँजगीर -चाँपा

बाराती विवाद में जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सारागांव पुलिस की बड़ी सफलता

जांजगीर चाम्पा। ग्राम अफरीद में बारात के दौरान नाचने की बात को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में सारागांव पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी नरेंद्र यादव (19 वर्ष) को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसे अब न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।


क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 फरवरी 2026 की है। प्रार्थी गौरव बरेठ अपने दोस्तों के साथ ग्राम अफरीद में एक बारात में शामिल होने गया था। उसी दौरान ग्राम बोरसी (पामगढ़) से भी एक अन्य बारात वहां पहुंची थी। बारात में नाचने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। बोरसी के बारातियों ने गौरव और उसके साथियों को नाचने से मना किया, लेकिन बात बढ़ने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकालकर गौरव बरेठ और उसके साथी सागर बरेठ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के लाइफ केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने  अधिकारियों के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। अस्पताल में भर्ती घायल गौरव बरेठ की स्थिति नाजुक देखते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के माध्यम से उसका ‘मृत्युकालीन कथन’ भी दर्ज कराया गया था।


मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे
वारदात के बाद से ही मुख्य आरोपी नरेंद्र यादव, निवासी बोरसी, फरार चल रहा था। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिरों की सूचना पर आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 191(2), 191(3), 296, और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, एएसआई राजेश सिंह, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े, आरक्षक दीपक ठाकुर, गोवर्धन टाइगर, दुर्गेश और शंकर जय किशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button