जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, बलौदा को मिला भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का चार्टर

अब विद्यालय में विधिवत संचालित होंगी स्काउट-गाइड गतिविधियां
जांजगीर-चांपा। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, बलौदा को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय द्वारा संबद्धता प्रदान करते हुए संस्था का चार्टर जारी किया गया है। इस मान्यता के बाद विद्यालय में स्काउट्स और गाइड्स की गतिविधियां अब विधिवत रूप से संचालित की जा सकेंगी।
छात्रों में नेतृत्व और अनुशासन का होगा विकास
चार्टर प्राप्त होने के बाद विद्यालय में कक्षा तीसरी से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं तक कब, बुलबुल, स्काउट और गाइड दल का गठन किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, कौशल विकास, शारीरिक-मानसिक संतुलन, अनुशासन और सामुदायिक सेवा की भावना विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य छात्रों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।
संस्था ने जताया आभार
इस उपलब्धि पर संस्था प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त करते हुए सहयोग के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं राज्य मुख्य आयुक्त श्री इन्द्रजीत सिंह खालसा के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही जिला मुख्य आयुक्त हितेश यादव, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त (स्काउट) अशोक सिन्हा, जिला सचिव दीपक कुमार यादव, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) डॉ. सुरेन्द्र कुमार सोनी, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) कु. श्वेता जायसवाल, डीटीसी पूरन लाल पटेल एवं श्रीमती धनमत महंत का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
उत्साह का माहौल
इस उपलब्धि से विद्यालय के छात्र-छात्राओं और पालकों में उत्साह का माहौल है तथा आने वाले समय में स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की उम्मीद जताई जा रही है।



