Chhattisgarh

संत कबीर का संदेश आज भी राष्ट्र के लिए पथप्रदर्शक : राज्यपाल थावरचंद गहलोत

सोनपैरी कबीर आश्रम में संत कबीर जयंती महोत्सव, मुख्यमंत्री साय ने की बड़ी घोषणा; बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि 3 माह बढ़ेगी

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर जयंती महोत्सव में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान संत कबीर के विचारों को समाज के लिए प्रासंगिक बताते हुए सामाजिक समरसता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह बढ़ाने की घोषणा भी की।

संत कबीर की वाणी आज भी प्रासंगिक : राज्यपाल

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक विभाजन और नैतिक चुनौतियों के दौर में संत कबीर के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने सोनपैरी आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

कबीर की शिक्षाएं समाज को जोड़ने का माध्यम : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनकी शिक्षाओं का समाज पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपना जीवन छुआछूत, जाति-पांति और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण में समर्पित किया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता का संदेश देती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें 10 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। इसके साथ ही पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।

img com 2026062918341850612387817574863780553

बिजली बिल समाधान योजना को मिला विस्तार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ाई जाएगी। इससे अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य प्रावधानों का लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

img com 2026062918341839806462749754105287259

राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।

गुरु असंग देव ने सेवा और सद्भाव का दिया संदेश

सद्गुरु कबीर आश्रम के गुरु असंग देव ने कहा कि संत कबीर ने समाज से पाखंड और कुरीतियों को समाप्त करने का कार्य किया। उन्होंने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बनाने का आह्वान करते हुए समाज में प्रेम और संवाद बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

img com 2026062918341869837076377178357708405

Related Articles

Back to top button