मुख्यमंत्री के निर्देश पर मिनटों में हरकत में आया प्रशासन, वृद्ध हितग्राही को मिली राहत

लंबित पेंशन और राशन तत्काल मिला, गरियाबंद के भीखलु राम ध्रुव ने जताया आभार
रायपुर, 25 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वृद्ध हितग्राही को राहत पहुंचाई है। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पथर्री निवासी भीखलु राम ध्रुव को लंबित पेंशन और राशन का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया गया।
मीडिया खबर पर त्वरित संज्ञान
मीडिया में प्रकाशित खबर के माध्यम से यह जानकारी सामने आई थी कि भीखलु राम ध्रुव लंबे समय से पेंशन और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
ई-केवाईसी पूरा होते ही मिला लाभ
कलेक्टर बीएस उइके ने मामले की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जांच में पाया गया कि ई-केवाईसी लंबित होने के कारण लाभ नहीं मिल पा रहा था। प्रशासन ने तुरंत प्रक्रिया पूरी कराई, जिससे हितग्राही को योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया।
तीन माह की पेंशन और राशन उपलब्ध
प्रशासन की सक्रियता से भीखलु राम ध्रुव को तीन माह की लंबित वृद्धावस्था पेंशन एकमुश्त प्रदान की गई। साथ ही खाद्य विभाग द्वारा उनके घर पहुंचकर एक क्विंटल चावल उपलब्ध कराया गया और नियमित राशन सुनिश्चित किया गया।
हितग्राही ने जताया आभार
राहत मिलने के बाद भीखलु राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पेंशन और राशन मिलने से उनके जीवन में बड़ी राहत आई है और अब उन्हें सरकार पर भरोसा है।
संवेदनशील शासन का उदाहरण
यह मामला दर्शाता है कि राज्य सरकार जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।




