
पश्चिम एशिया संकट के बीच देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने और अनावश्यक खर्च टालने की अपील
सार्वजनिक परिवहन, भारत में पर्यटन और स्थानीय खर्च बढ़ाने पर दिया जोर, कहा छोटे कदमों से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने और विदेशी मुद्रा पर अनावश्यक खर्च कम करने की अपील की है। गुजरात के वडोदरा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियां पिछले कई वर्षों के सबसे गंभीर संकटों में से एक हैं और ऐसे समय में देशवासियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने कोविड-19 महामारी जैसी बड़ी चुनौती का मजबूती से सामना किया था और अब भी देश एकजुट होकर हर संकट से बाहर निकलने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि सरकार भारत को वैश्विक सप्लाई चेन का अहम केंद्र बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है, ताकि देश की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
सोमनाथ अमृत महोत्सव में भी हुए शामिल
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि वडोदरा कार्यक्रम से पहले उन्होंने Somnath Temple में आयोजित अमृत महोत्सव में भाग लिया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की सांस्कृतिक शक्ति, आस्था और पुनर्जागरण का प्रतीक है। पीएम ने कहा कि मंदिर के पुनर्निर्माण का सपना सरदार वल्लभभाई पटेल के संकल्प से पूरा हुआ था।
ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील करते हुए कहा कि निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भारत कई वस्तुओं के आयात पर भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च करता है। ऐसे में देशवासियों को ऐसे खर्चों से बचना चाहिए जिनसे विदेशी मुद्रा पर अतिरिक्त बोझ पड़ता हो। पीएम मोदी ने सोना खरीदने जैसे गैर-जरूरी खर्चों को फिलहाल टालने की भी सलाह दी।
‘छुट्टियां भारत में बिताएं’
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजकल विदेश यात्रा और डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन तेजी से बढ़ा है, जिससे बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। उन्होंने लोगों से भारत में ही पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि देश में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से जुड़ी कई सुंदर जगहें मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग छुट्टियां भारत में बिताएंगे तो स्थानीय पर्यटन, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
युवाओं और स्टार्टअप पर भी दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें कौशल और प्रशिक्षण के अवसर भी मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार अप्रेंटिसशिप और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि छोटे शहरों से भी अब बड़े स्टार्टअप निकल रहे हैं और महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है।




