पुलिस लाइन जांजगीर में जवानों ने किया बलवा ड्रिल अभ्यास, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने का लिया प्रशिक्षण

कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों और जवानों को दंगा नियंत्रण एवं त्वरित प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जिले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में बलवा ड्रिल (दंगा नियंत्रण अभ्यास) का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने हिस्सा लिया।
भीड़ नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई पर जोर
जनरल परेड के पश्चात आयोजित बलवा ड्रिल के दौरान पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, दंगाई गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने जवानों को बलवा नियंत्रण में उपयोग होने वाले उपकरणों, सुरक्षा उपायों और रणनीतिक कार्रवाई की जानकारी भी दी।
जवानों को दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश
इस दौरान रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों को कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान संयम, सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने की सीख दी। अधिकारियों ने कहा कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को हमेशा तैयार रहना चाहिए। साथ ही आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और संवेदनशील परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

दक्षता और समन्वय बढ़ाने का प्रयास
पुलिस विभाग के अनुसार बलवा ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता, समन्वय क्षमता तथा आपदा एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की दक्षता को बढ़ाना है। अभ्यास के दौरान जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का प्रदर्शन किया।

अधिकारी रहे मौजूद
अभ्यास के दौरान एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी, यातायात निरीक्षक रामकुमार जैन, पामगढ़ थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी, अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, अजाक थाना प्रभारी कमलेश सेंडे, बम्हनीडीह थाना प्रभारी दिलीप सिंह सहित जिले के प्रशिक्षु उपनिरीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




