ट्रांसफार्मर-कॉपर चोरी के अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़

एंबुलेंस का रूप देकर बोलेरो से होता था चोरी के माल का परिवहन, छह आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जिले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने संगठित ट्रांसफार्मर, कॉपर एवं एल्युमिनियम चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 17 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की चोरी की सामग्री, वाहन व औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के बाद माल के परिवहन के लिए बोलेरो वाहन को एंबुलेंस का रूप देकर उपयोग करते थे, ताकि पुलिस व आमजन को भ्रमित किया जा सके और संदेह न हो। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मरों से कॉपर वायर चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र व सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
दिनांक 13–14 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात रोड दुरपा के पास स्थित पुराने ट्रांसफार्मर से लगभग 230 किलोग्राम कॉपर चोरी की रिपोर्ट छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कनिष्ठ यंत्री द्वारा दर्ज कराई गई। इसके बाद 22 जनवरी 2026 को लोहर्सी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से लगभग 200 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी की सूचना प्राप्त हुई।
इन मामलों में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 21/2026 एवं 48/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पूछताछ में खुलासा
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ संगठित रूप से ट्रांसफार्मर व केबल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों द्वारा पहले क्षेत्र की रेकी की जाती थी, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाई जाती थी और रात्रि के समय पिकअप वाहन व एंबुलेंस के रूप में तैयार बोलेरो से वारदात को अंजाम दिया जाता था। चोरी के बाद कॉपर वायर को रिस्दा स्थित कबाड़ में खपाया जाता था।

अन्य जिलों में भी वारदातें
आरोपियों ने थाना मुलमुला, अकलतरा सहित अन्य क्षेत्रों में तथा बलौदा बाजार और बिलासपुर जिलों में भी एल्युमिनियम केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह की 10 से अधिक वारदातों में संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड, संगठित अपराध की धारा जोड़ी गई
मुख्य आरोपी सहित अन्य के विरुद्ध पूर्व में भी बलौदा बाजार–भाटापारा एवं बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों में चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते आरोपियों के विरुद्ध धारा 111 बीएनएस (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी
अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (26 वर्ष) संतोष भास्कर (38 वर्ष)
वीरेंद्र सुमन (39 वर्ष) राज आर्यन वानी उर्फ छोटू वानी (20 वर्ष) अमन रात्रे (20 वर्ष) राज आर्यन उर्फ रोहित वानी (21 वर्ष) (सभी निवासी थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर)
जप्त सामग्री
ट्रांसफार्मर, कॉपर/एल्युमिनियम वायर
4 मोबाइल फोन ओवाहन: छोटा हाथी (CG-10 AS-5452), बोलेरो एंबुलेंस (CG-10 AT-5255)
कटर मशीन ब्लेड, पाना-पेचिस
कुल कीमत: ₹17,30,000
इस कार्रवाई में थाना शिवरीनारायण के अधिकारी-कर्मचारियो निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक एवं समस्त स्टाफ—की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मजबूत सूचना तंत्र और तकनीकी विवेचना के चलते यह सफलता संभव हो सकी।




