छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत हाई स्कूल भवरेली में जागरूकता सत्र

“शिक्षा ही सुरक्षा” थीम पर छात्राओं को स्वास्थ्य, परीक्षा तैयारी और कैरियर मार्गदर्शन

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर  जन्मेजय महोबे के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु हाई स्कूल भवरेली, बम्हनीडीह में जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम “शिक्षा ही सुरक्षा” थीम पर केंद्रित रहा, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना तथा वार्षिक परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास और तनावमुक्त अध्ययन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पहल का मुख्य लक्ष्य महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार के साथ-साथ बालिकाओं में कैंसर रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। सत्र के दौरान छात्राओं को कैंसर के शुरुआती लक्षण, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, नशीले पदार्थों से बचाव, मासिक धर्म स्वच्छता तथा निवारक देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ दी गईं।
इसके अतिरिक्त आत्म-सम्मान, आत्म-सुरक्षा तथा 12वीं के बाद रुचि के अनुसार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े कैरियर विकल्पों पर भी मार्गदर्शन किया गया। सखी वन स्टॉप सेंटर एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लैंगिक हिंसा की रोकथाम और अधिकारों के प्रति भी छात्राओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में परियोजना बम्हनीडीह की पर्यवेक्षक श्रीमती दुर्गश नंदिनी यादव, श्रीमती रामकुमारी पटेल, सुश्री अल्का चंद्रा,  राजकुमार झलरिया,  लतेलराम करियारे सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button