Chhattisgarh

सुशासन तिहार: कबीरधाम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रमिक बहनों के साथ किया श्रमदान; ईंट जोड़ते समय ‘रानी मिस्त्री’ ने CM को दी काम की सलाह

रायपुर 4 मई 2026। छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनसंवाद और औचक निरीक्षण का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कबीरधाम जिले के ग्राम लोखन पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल कार्य की समीक्षा की, बल्कि खुद ईंट जोड़कर श्रमदान भी किया, जिससे वहां मौजूद लोग और अधिकारी दंग रह गए।

“मसाला बढ़िया से डालिए” – श्रमिक बहन की सहज सीख निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ‘रानी मिस्त्री’ के रूप में काम कर रहीं श्रमिक बहनों के बीच पहुंचे। उन्होंने करणी उठाई और ईंटों की जोड़ाई शुरू कर दी। इसी बीच श्रमिक बहन संगीता ने बिना किसी झिझक के मुस्कुराते हुए मुख्यमंत्री से कहा “ईंट जोड़ाई अच्छे से करिए, मसाला बढ़िया से डालिए।” मुख्यमंत्री ने भी इस सलाह को सहजता से स्वीकार किया, जो सरकार और जनता के बीच बढ़ते गहरे विश्वास और आत्मीयता को दर्शाता है।

10022874458830649915184430416

गुणवत्ता और सुविधाओं पर सख्त निर्देश

​मुख्यमंत्री ने केवल श्रमदान ही नहीं किया, बल्कि मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, उन्होंने निर्माण स्थल पर श्रमिकों के लिए पेयजल, सुरक्षा उपकरण और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

सुशासन का अर्थ: सहभागिता और विश्वास

​मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अनुभव को साझा करते हुए कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ केवल कागजी योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें जनता के साथ मिलकर धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि जब शासन और जनता के बीच संवाद और सहभागिता का रिश्ता बनता है, तभी विकास स्थायी होता है।

सुशासन तिहार के इस कार्यक्रम ने एक बार फिर सिद्ध किया कि छत्तीसगढ़ में सरकार और जनता के बीच की दूरी खत्म हो रही है और संवेदनशीलता ही शासन का असली आधार बन चुकी है।

10022874445460741838989857792

Related Articles

Back to top button