लायंस क्लब चांपा ने आयोजित किया निःशुल्क बाल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर 3 से 10 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 300 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जांजगीर चांपा। लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-C की स्थानीय इकाई लायंस क्लब चांपा द्वारा लायंस क्लब भवन में 3 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में डॉ. श्रीमती पल्लवी बिरथरे (एमबीबीएस, बीसीएच, मुंबई) द्वारा बच्चों का परीक्षण किया गया। वे पूर्व में अपोलो अस्पताल तथा शिशु भवन बिलासपुर से संबद्ध रही हैं। चिकित्सकीय परामर्श के दौरान बच्चों के मौसमी स्वास्थ्य, खान-पान और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर लायंस क्लब चांपा के अध्यक्ष लायन संतोष कुमार सोनी (अधिवक्ता) ने कहा कि ठंड के मौसम के बाद गर्मी के आगमन के साथ मौसम परिवर्तन का प्रभाव विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। ऐसे समय में शरीर की देखभाल और संतुलित आहार पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब एक अंतरराष्ट्रीय सेवा भावी संस्था है, जो समय-समय पर समाजोपयोगी गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। इसी क्रम में यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिससे लगभग 300 बच्चे लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम में लायंस हायर सेकेंडरी स्कूल के चेयरमैन लायन रामप्रपन्न देवांगन, क्लब सचिव लायन राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लायन वासुदेव चंद देवांगन तथा लायन डॉ. व्ही. एन. बिरथरे की उपस्थिति एवं सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उक्त जानकारी क्लब सचिव लायन राजेश अग्रवाल द्वारा दी गई।




