धान बीज पैकिंग के दौरान हादसा, 3 मजदूर घायल, दो महिलाओं की हालत सामान्य, एक पुरुष का एम्स रायपुर में उपचार जारी

जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल 2026। जिले के खोखसा स्थित बीज प्रक्रिया केंद्र में धान बीज पैकिंग के दौरान एक हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए। घटना 7 अप्रैल को उस समय हुई, जब धान की छल्ली के कारण कुछ बोरियां खिसक गईं और वहां कार्यरत मजदूरों को चोट लग गई।
उप प्रबंधक/बीज प्रबंधक श्रीमती नम्रता तिवारी ने बताया कि हादसे में दो महिला एवं एक पुरुष मजदूर घायल हुए थे। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए चांपा के अस्पताल में रेफर किया गया।
दोनों महिलाओं की स्थिति सामान्य
उपचार के बाद घायल दोनों महिला मजदूरों की सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य पाई गई है और उनकी स्थिति अब पूरी तरह ठीक है।
पुरुष मजदूर का एम्स रायपुर में इलाज जारी
घायल पुरुष मजदूर के घुटने में हड्डी संबंधी चोट आने के कारण उसे बेहतर उपचार हेतु एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति भी सामान्य बताई जा रही है।
कलेक्टर ने ली स्थिति की जानकारी
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार बीज निगम द्वारा घायलों को तत्काल उपचार की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कलेक्टर ने स्वयं घायलों की स्थिति की लगातार जानकारी लेते हुए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




