डोंगाकोहरौद आंदोलन में बिगड़ी दो ग्रामीणों की तबीयत, जिला अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-एसपी

सड़क निर्माण की मांग को लेकर जारी आंदोलन के दौरान दो ग्रामीण अस्वस्थ हुए, प्रशासन ने बेहतर उपचार और सड़क निर्माण प्रक्रिया पर दिया अपडेट।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
डोंगाकोहरौद क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान दो स्थानीय ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे और SP विजय कुमार पांडेय जिला अस्पताल पहुंचे तथा दोनों ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
बेहतर उपचार के दिए निर्देश
कलेक्टर और SP ने चिकित्सकों से दोनों ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चिकित्सकों के अनुसार दोनों ग्रामीणों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है तथा उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
सड़क निर्माण पर प्रशासन का अपडेट
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बताया कि डोंगाकोहरौद मार्ग की मरम्मत का कार्य वर्तमान में कराया जा रहा है, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे। उन्होंने कहा कि सड़क के स्थायी निर्माण के लिए शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता का भरोसा
प्रशासन ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी विषयों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है। सड़क निर्माण से संबंधित प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द स्थायी सुविधा मिल सके।





