जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने किया सुंदर सदन का शुभारंभ

अति शीघ्र बाड़ा निर्माण कार्य शुरू होने की घोषणा

जांजगीर चाम्पा। श्री दूधाधारी मठ के ग्राम पिपरौद में कर्मचारी भवन “सुंदर सदन” का शुभारंभ महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज, ट्रस्ट कमेटी के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान सत्यनारायण की कथा एवं विधिवत पूजन-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

महन्त जी ने साझा की गुरुदेव की स्मृतियां
उपस्थित जनसमूह को आशीर्वचन देते हुए राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि पूज्य गुरुदेव राजेश्री महन्त वैष्णव दास जी महाराज का इस गांव से विशेष स्नेह था। उन्होंने शिक्षा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से यहां विद्या मंदिर की स्थापना की थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद अभनपुर में हाई स्कूल, रायपुर में संस्कृत महाविद्यालय, महिला महाविद्यालय एवं संस्कृत पाठशाला की स्थापना भी की गई।

पूर्वाचार्यों के बाड़ा का होगा जीर्णोद्धार
महन्त जी ने कहा कि पूर्वाचार्यों द्वारा निर्मित बाड़ा का जीर्णोद्धार भी प्रस्तावित है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट कमेटी की मंशा अनुसार कर्मचारी भवन का निर्माण किया गया है, जिसका नाम “सुंदर सदन” रखा गया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां बाड़ा निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम को ट्रस्ट कमेटी सदस्य विजय पाली, रामकृष्ण पाली एवं ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के समापन पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर श्री दूधाधारी मठ ट्रस्ट कमेटी के सदस्य राजेश अग्रवाल, राम छवि दास, सुखराम दास, त्यागी जी महाराज, लेखराम साहू, भीखम साहू, राजेश्वर गिरी, माखनलाल साहू, सरपंच दुलेश्वरी साहू, रामलाल ध्रुव, चंदूराम साहू, राजाराम कंवर, पूर्व सरपंच श्रीमती पार्वती साहू, नाथूराम साहू, रतन साहू, रामप्रिय दास, जय शुक्ला, भीष्मा, हर्ष दुबे, रामलोचन दास एवं मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गांव के सरपंच एवं बाड़ा के कर्मचारियों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान भी किया गया।

Related Articles

Back to top button