जाँजगीर -चाँपा

भड़ेसर में 60 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन, पामगढ़ पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

🔴 आज की बात न्यूज़ | जांजगीर चाम्पा

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भड़ेसर में पुलिस द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को सुरक्षा, कानून एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

60 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन

अभियान के दौरान ग्राम भड़ेसर में 60 महिलाओं की कमांडो टीम का गठन किया गया। टीम की सदस्यों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी की पहचान, सोशल मीडिया सुरक्षा और सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

यातायात नियमों की दी जानकारी

पुलिस अधिकारियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की अनिवार्यता, सड़क सुरक्षा नियमों तथा दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए संचालित राहवीर योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर फोकस

कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं और ग्रामीणों को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की समझाइश दी गई। साथ ही महिला संबंधी अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल विवाह और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी भी दी गई।

टोपी और सीटी का वितरण

महिला कमांडो टीम की सदस्यों को सुरक्षा एवं जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए टोपी और सीटी वितरित की गई। उन्हें ग्राम स्तर पर सुरक्षा सहयोगी के रूप में कार्य करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास

पुलिस ने बताया कि इस तरह के अभियानों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कानून के प्रति विश्वास बढ़ाना, साइबर अपराधों एवं सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा महिला सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को मजबूत बनाना है।

Related Articles

Back to top button