क्राइमजाँजगीर -चाँपा

अकलतरा में अवैध शराब के बड़े खेल का पर्दाफाश: शुष्क दिवस पर खपाने छिपा रखी थी 88 हजार की शराब, पुलिस ने तहखाने में मारा छापा

घर के भीतर गुप्त कमरों और तहखाने में छिपाकर रखी थी 184 लीटर देशी-विदेशी शराब व बीयर, आरोपी टेकूलाल बंजारे गिरफ्तार

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। आगामी 2 अक्टूबर को ‘शुष्क दिवस’ (Dry Day) के दौरान अवैध रूप से शराब खपाकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में जुटे शराब माफिया के मंसूबों पर अकलतरा पुलिस ने पानी फेर दिया है। पुलिस ने वार्ड क्रमांक 12, गुरुघासीदास मोहल्ला स्थित एक मकान में दबिश देकर घर के गुप्त कमरों और तहखाने से 184 लीटर अवैध देशी, मसाला, अंग्रेजी शराब और बीयर का जखीरा बरामद किया है। जब्त शराब की कुल कीमत 88 हजार 550 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से आरोपी टेकूलाल बंजारे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शुष्क दिवस के मद्देनजर अलर्ट पर थी पुलिस

एसपी विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एएसपी डॉ. युलैण्डन यार्ड के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम लगातार निगरानी रख रही थी। 28 सितंबर को अकलतरा पुलिस को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड 12 निवासी टेकूलाल बंजारे (41 वर्ष) ने 2 अक्टूबर को ड्राई डे पर ऊंचे दामों में बेचने के लिए अपने मकान के भीतर गुप्त तहखाना बनाकर भारी मात्रा में शराब छिपा रखी है।

तहखाने की तलाशी में खुला शराब का भंडार

सूचना की तस्दीक के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर रेड मारी। गवाहों की मौजूदगी में जब घर और गुप्त कमरों की बारीकी से तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। वहां से 180 एमएल देशी प्लेन शोले ब्रांड की 610 बोतलें, रोमियो प्लेन की 128 बोतलें, सुपर-30 प्लेन की 21 बोतलें, शेरा मसाला शराब 7 बोतलें और सुपर-30 मसाला 17 बोतलें बरामद हुईं।

इसके अलावा अंग्रेजी शराब के तहत जम्मू स्पेशल विस्की की 71 बोतलें, ग्रांड कोलबिया की 57 बोतलें, गोवा स्पेशल विस्की 9 बोतलें, मैकडॉवेल्स नंबर-1 की 23 बोतलें और सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर की 22 कैन समेत कुल 184 लीटर शराब जब्त की गई।

आबकारी एक्ट की गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई

पुलिस ने अवैध शराब को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी टेकूलाल बंजारे के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 587/26, आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 29 सितंबर को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी जय साहू, सउनि दाउलाल बरेठ, म.प्र.आर. स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेषनारायण साहू, शैलेन्द्र राठौर, राजेन्द्र कहरा और कृष्णा पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button