पामगढ़ को विकास की बड़ी सौगात: 22.08 करोड़ से संवरेगा शिवरीनारायण–खैरताल मार्ग, जिला भाजपा अध्यक्ष ने सीएम साय व वित्त मंत्री ओ.पी. का जताया आभार

सड़क के मजबूतीकरण और पुल-पुलियों के निर्माण को मिली प्रशासनिक स्वीकृति; क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों में खुशी की लहर
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और ग्रामीण आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। क्षेत्र के अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त शिवरीनारायण–खैरताल मार्ग के मजबूतीकरण, नवीनीकरण और आवश्यक पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों के लिए ₹22.08 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। शासन के इस निर्णय से क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है।
जिला भाजपा अध्यक्ष ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने जिलेवासियों की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी व वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति हृदय से आभार जताया है। श्री जांगड़े ने कहा कि शिवरीनारायण–खैरताल मार्ग क्षेत्र के लिए लाइफलाइन की तरह है। लंबे समय से इस मार्ग के कायाकल्प की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क सुदृढ़ीकरण और पुल-पुलियों के बन जाने से लोगों का सफर सुगम, सुरक्षित और समय बचाने वाला होगा।
कृषि, व्यापार और आवागमन को मिलेगी नई रफ्तार
उन्होंने बताया कि इस सड़क के बनने का सीधा फायदा पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों, किसानों, छात्र-छात्राओं और व्यापारियों को मिलेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क तैयार होने से स्थानीय व्यापार, कृषि उपज के परिवहन और दैनिक आवागमन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार का संकल्प
श्री जांगड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के सतत प्रयासों से जांजगीर-चांपा जिले में विकास कार्यों को लगातार पंख लग रहे हैं। भाजपा सरकार का मुख्य ध्येय मजबूत बुनियादी ढांचे के जरिए विकास की रोशनी को हर गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। 22.08 करोड़ रुपये की यह प्रशासनिक स्वीकृति पूरे जिले के लिए एक ऐतिहासिक और स्वागत योग्य सौगात है।




