छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

कलेक्टर की समय-सीमा समीक्षा बैठक में बड़ा फैसला: सीएम हेल्पलाइन में लेट-लतीफी पर विभागों को नोटिस, जलभराव पीड़ितों को जल्द राहत देने के निर्देश

महानदी के बढ़ते जलस्तर से हुए नुकसान का मौके पर सर्वे कराने के आदेश, पारस पोर्टल और एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने को कहा

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) की बैठक में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जनकल्याणकारी योजनाओं और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतने और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन 1076 में हीलाहवाली पर विभागों को जारी होगा नोटिस

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत दर्ज शिकायतों और उनके निराकरण की विभागवार स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों से जुड़ी शिकायतों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में होना चाहिए। जिन विभागों द्वारा आवेदनों के निपटारे में अनावश्यक विलंब किया गया है, उन्हें तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

महानदी जलभराव प्रभावितों का होगा त्वरित सर्वे, RBC 6-4 से मिलेगी राहत

महानदी में बढ़े जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व एवं संबंधित अमले को तत्काल फील्ड में उतरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव और बाढ़ से हुए नुकसान का मौके पर जाकर निष्पक्ष आकलन किया जाए। साथ ही पात्र प्रभावितों के आरबीसी 6-4 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार राहत राशि का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

पारस पोर्टल, डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक पंजीयन में लाएं तेजी

कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए पारस पोर्टल पर नियमित डेटा अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पीएम सूर्यघर योजना के तहत बनेंगे मॉडल सोलर विलेज

बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए शिविरों के माध्यम से प्रचार-प्रसार बढ़ाने और जिले में ‘मॉडल सोलर विलेज’ का चयन कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button