जांजगीर में जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव व एग्रीटेक कृषि मेला 11 से 13 फरवरी तक

तीन दिन तक कृषि, संस्कृति और लोक कला का संगम, किसान संगोष्ठी से लेकर पशु प्रदर्शनी तक विविध आयोजन
लोक गायक दिलीप षडंगी, आरू साहू और सारेगामा विजेता इशिता विश्वकर्मा देंगी प्रस्तुति
जांजगीर-चांपा। जिले के शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में 11 से 13 फरवरी 2026 तक जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला–2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में कृषि, लोक संस्कृति और साहित्य से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें स्कूली छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियां, स्थानीय एवं लोक कलाकारों के कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, कृषक संगोष्ठी, कृषि यंत्रों का प्रदर्शन तथा पशु प्रदर्शनी शामिल हैं।
आयोजन के प्रथम दिवस 11 फरवरी को प्रातः 10 बजे कृषि विज्ञान केंद्र, जांजगीर में किसान सम्मेलन के साथ खेती-किसानी कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात प्रातः 11 बजे कृषक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। वहीं हाई स्कूल मैदान में दोपहर 3:30 से 6:00 बजे तक स्कूली छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। शाम 6:00 से 8:00 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के बाद रात्रि 8:00 बजे से प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोक गायक श्री दिलीप षडंगी अपनी प्रस्तुति देंगे।
द्वितीय दिवस 12 फरवरी को प्रातः 10 बजे से कृषि विज्ञान केंद्र में कृषक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। दोपहर 3:30 बजे से स्कूली छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, शाम 6:00 से 8:00 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति तथा रात्रि 8:00 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। कवि सम्मेलन में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के ख्यात कवियों द्वारा कविता पाठ किया जाएगा।
समापन दिवस 13 फरवरी को प्रातः 10 बजे से कृषि यंत्रों का जीवंत प्रदर्शन एवं पशु प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। हाई स्कूल मैदान में दोपहर 3:30 से 5:00 बजे तक स्कूली छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, शाम 5:00 से 6:00 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति तथा शाम 6:00 से 8:00 बजे तक छत्तीसगढ़ी लोक गायिका आरू साहू की प्रस्तुति होगी। रात्रि 8:00 बजे से सारेगामा विजेता एवं बॉलीवुड सिंगर इशिता विश्वकर्मा अपनी गायन प्रस्तुति से कार्यक्रम का समापन करेंगी।






