चांपा पुलिस का त्वरित एक्शन: चाकूबाजी की वारदात के चंद घंटों में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, प्रयुक्त चाकू जब्त; भेजा गया जेल

युवक पर चाकू से प्राणघातक वार कर किया था गंभीर रूप से घायल, प्रयुक्त हथियार बरामद कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
जांजगीर-चांपा। 30 अगस्त 2026। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है।
चाकू मारकर किया था लहूलुहान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त को प्रार्थी सूरज कुमार यादव (निवासी चांपा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भाई दीपक कुमार यादव पर संजू केंवट (27 वर्ष, निवासी कंवरपारा चांपा) और उसके साथी ने विवाद के चलते चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों व आसपास के लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दीपक को उपचार हेतु बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया।
बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांपा में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 452/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी की।
चंद घंटों में पकड़ाया आरोपी, भेजा गया जेल
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कंवरपारा में दबिश देकर आरोपी संजू केंवट को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सउनि भुवनेश्वर राठौर, प्र.आर. नरसिंह बर्मन, आरक्षक ईश्वरी राठौर एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




