Chhattisgarh

नारी के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से ही बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

महिला आयोग के ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाएं सम्मानित; प्रदेश में 13.85 लाख लखपति दीदियां, 481 महतारी सदनों का हो रहा निर्माण

रायपुर। 30 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर चिकित्सा, शिक्षा, खेल, साइबर सुरक्षा, पत्रकारिता, कला एवं संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र व सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री ने समारोह आधारित विशेष ब्रोशर का विमोचन किया।

महिलाओं को अधिकार, अवसर और आत्मनिर्भरता से जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता

img com 2026083018121672508408156736676209413

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है, तो परिवार, समाज और पूरा देश आगे बढ़ता है। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और आर्थिक स्वावलंबन देना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को बधाई देते हुए कहा कि आयोग केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों, कस्बों और दूरस्थ जनजातीय अंचलों तक पहुंचकर महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करे।

महतारी वंदन योजना और लखपति दीदी से मिला संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के जरिए प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिसकी 31 किस्तें खातों में अंतरित की जा चुकी हैं। प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं।

img com 2026083018121682912064863707063744335

‘महतारी गौरव वर्ष’ और अधोसंरचना विकास

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। महिला स्व-सहायता समूहों के लिए प्रदेश में 481 महतारी सदनों का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें से हाल ही में जशपुर प्रवास के दौरान तीन सदनों का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त बालिकाओं की बेहतर सुविधा के लिए ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ पहल के तहत 6,671 बालिका शौचालयों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है तथा महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन को विशेष रियायतों के साथ प्रोत्साहित किया जा रहा है।

गरिमामय समारोह में उपस्थित रहे प्रमुख अतिथि

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और प्रबुद्ध महिलाएं उपस्थित थीं।

Related Articles

Back to top button