बाढ़ प्रभावितों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है सरकार: सुकमा में सीएम ने खुद परोसा भोजन, पुनर्वास कार्य तेज करने के निर्देश

शबरीनगर और कोंटा के बाढ़ पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 300 परिवारों को 10-10 हजार रुपये अतिरिक्त राहत की घोषणा

🔴 आज की बात News | सुकमा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को सुकमा जिले के बाढ़ और जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने आपदा की मार झेल रहे परिवारों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जाना और राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने दोटूक कहा कि संकट के इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और किसी भी पीड़ित को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा।
राहत शिविर में खुद परोसा भोजन, पीड़ितों के घर जाकर बंधाया ढांढस

मुख्यमंत्री श्री साय ने शबरीनगर स्थित राहत एवं स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद प्रभावित लोगों के बीच बैठकर आत्मीयता से बातचीत की और स्वयं उन्हें भोजन परोसकर उनका हौसला बढ़ाया। इसके बाद मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित परिवारों के घरों तक भी पहुंचे और बाढ़ के पानी से हुए नुकसान की जानकारी लेते हुए उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
300 परिवारों को 10-10 हजार की अतिरिक्त सहायता, आरबीसी 6-4 से मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री ने घरों में रखे घरेलू सामान और संपत्तियों के नुकसान को देखते हुए बड़ा फैसला लिया। उन्होंने करीब 300 प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। यह राशि आरबीसी 6-4 के तहत मिलने वाले शासकीय मुआवजे के अतिरिक्त होगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि मकानों और संपत्तियों के नुकसान का त्वरित व पारदर्शी आकलन कर मुआवजा राशि बिना किसी देरी के सीधे पीड़ितों तक पहुंचाई जाए।
कोंटा के जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण और पुनर्वास पर जोर
सबरी नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित कोंटा नगर पालिका और आसपास के गांवों का भी मुख्यमंत्री ने मुआयना किया। उन्होंने 19 राहत केंद्रों में रह रहे लोगों के लिए भोजन, पेयजल, सूखा राशन और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। जलजनित बीमारियों की रोकथाम हेतु नियमित मेडिकल कैंप और पेयजल स्रोतों के क्लोरीनेशन के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि तात्कालिक राहत के साथ-साथ अब पुनर्वास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए ताकि जनजीवन तेजी से सामान्य हो सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





