जाँजगीर -चाँपा

विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत नाला पर बन रहा गेबियन स्ट्रक्चर, रोजगार के साथ जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

ग्राम पंचायत पेंड्री में गेबियन स्ट्रक्चर निर्माण कार्य जारी, स्थानीय ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार और किसानों को भविष्य में सिंचाई के लिए मिलेगा स्थायी आधार।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा

नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत पेंड्री में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत नाला पर गेबियन स्ट्रक्चर का निर्माण कराया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, इस कार्य से स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को सिंचाई के लिए स्थायी आधार उपलब्ध होगा। जानकारी के अनुसार, जोबी डूडमाही नाला में खम्हन के खेत के पास लगभग 4.75 लाख रुपये तथा बलदाऊ के खेत के पास 4.74 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से गेबियन स्ट्रक्चर का निर्माण किया जा रहा है। इसके निर्माण से वर्षा जल का संरक्षण, भू-जल स्तर में वृद्धि तथा आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने की उम्मीद है। साथ ही मिट्टी के कटाव पर भी नियंत्रण मिलेगा।

निर्माण कार्य में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिक कार्यरत हैं। श्रमिकों के अनुसार, योजना के माध्यम से उन्हें अपने ही गांव में रोजगार मिल रहा है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और रोजगार के लिए पलायन की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।

योजना से लाभान्वित ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार मिलने से परिवार की आय बढ़ेगी तथा बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सुविधा होगी। उनका कहना है कि गेबियन स्ट्रक्चर, जल संरक्षण और अन्य विकास कार्यों से गांवों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित भारत जी राम जी योजना रोजगार और ग्रामीण विकास का प्रभावी माध्यम बन रही है। उनका कहना है कि ऐसे स्थायी निर्माण कार्यों से भविष्य में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा, कृषि उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button