शील साहित्य परिषद के त्रिवार्षिक चुनाव में विजय कुमार दुबे 11वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

वरिष्ठ निबंधकार व अधिवक्ता दुबे ने की नई कार्यकारिणी की घोषणा, डॉ. बलदेव शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष और विजय राठौर बने सचिव
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। प्रदेश की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘शील साहित्य परिषद, जांजगीर’ का त्रिवार्षिक आम चुनाव 17 सितंबर 2026 को संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी हरिश्चंद श्रीवास्तव ने सुप्रसिद्ध ललित निबंधकार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विजय कुमार दुबे को अध्यक्ष पद हेतु निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। विजय कुमार दुबे लगातार 11वीं बार निर्विरोध इस पद पर चुने गए हैं।
साहित्यिक सृजन और संस्थागत विकास में योगदान
विजय कुमार दुबे के कई निबंध संग्रह, कहानी संग्रह और विधि से संबंधित पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनके मार्गदर्शन में परिषद के रचनाकारों के सैकड़ों संग्रह प्रकाशित हुए हैं। परिषद का स्वयं का सर्वसुविधायुक्त भवन है, जिसमें भूतल पर विद्याभूषण मिश्र वाचनालय व नरेंद्र श्रीवास्तव सभागार तथा ऊपरी तल पर पं. जगदीशचन्द्र तिवारी सभाभवन व अतिथि कक्ष स्थित हैं।
नवीन कार्यकारिणी की घोषणा
निर्वाचन के उपरांत अध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने परिषद की नई कार्यकारिणी घोषित की। इसमें डॉ. बलदेव शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ईश्वरी प्रसाद यादव को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, विजय राठौर को सचिव, दयानंद गोपाल को संयुक्त सचिव तथा रोशन केसरवानी को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में रामरतन तम्बोली, अमरनाथ राठौर, कृष्ण कुमार पांडे, सतीश कुमार सिंह, हजारी लाल कुर्रे, दिनेश रोहित चतुर्वेदी, विनोद गोपाल एवं सुरेश पैगवार को शामिल किया गया। सभागार में उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया।



