क्राइमजाँजगीर -चाँपा

बारात में मारपीट मामले के 5 फरार आरोपी गिरफ्तार, मुलमुला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पहले 4 आरोपी भेजे जा चुके हैं न्यायिक रिमांड पर, सभी आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। मुलमुला पुलिस ने बारात में मारपीट और प्राणघातक हमला करने के मामले में फरार चल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

बाजा बजाने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवराज बरेठ निवासी ग्राम खोखरा ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अप्रैल 2026 को वह बारात के साथ ग्राम पौना गए थे। बाराती स्कूल पारा के पास बाजा बजाते हुए नाच-गाना कर रहे थे, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बाजा बंद कराने को लेकर विवाद करने लगे।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे मनेश्वर यादव एवं अन्य लोगों पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया। आरोपियों द्वारा प्रार्थी के सिर पर प्राणघातक हमला किए जाने से वह जमीन पर गिर गया।

गंभीर रूप से घायल को किया गया था रेफर

घटना में धनंजय यादव की आंख में गंभीर चोट आई थी। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां से धनंजय यादव की हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया था।

मुखबिर सूचना पर पकड़ाए आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 5 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार करने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. कृष्ण कुमार यादव उर्फ टिंगालू (21 वर्ष)
  2. लक्ष्मी प्रसाद यादव (32 वर्ष)
  3. बॉबी यादव उर्फ लाला (24 वर्ष)
  4. बबलू यादव उर्फ छोटे लाला (20 वर्ष)
    सभी निवासी ग्राम पौना थाना मुलमुला
  5. गंगा सागर उर्फ सोनू (28 वर्ष) निवासी ग्राम बुचीहरदी थाना बलौदा

पूरे मामले की कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल थाना प्रभारी मुलमुला, एएसआई प्रमोद महार तथा प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button