रेत माफिया पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: हसदेव नदी समेत कई क्षेत्रों में छापेमारी, 1 जेसीबी और 7 ट्रैक्टर जब्त

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज अमले की संयुक्त दबिश; नवापारा में अवैध खनन और पीथमपुर में अवैध परिवहन पर शिकंजा
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले में खनिज रेत के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के सख्त निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने हसदेव नदी तटीय क्षेत्रों सहित जिले के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ औचक छापेमारी की। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में लगी 1 जेसीबी एक्सकैवेटर मशीन और रेत का अवैध परिवहन करते 7 ट्रैक्टरों सहित कुल 8 वाहनों को रंगे हाथों पकड़कर जब्त किया गया है। प्रशासन की इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से रेत के अवैध कारोबार में लिप्त माफियाओं और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
नवापारा (केवा) में अवैध उत्खनन कर रही जेसीबी मशीन सीज
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर संयुक्त टीम ने ग्राम नवापारा (केवा) में दबिश दी। यहां नदी कछार क्षेत्र में खनिज रेत का अवैध रूप से मशीनों के जरिए उत्खनन किया जा रहा था। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में संलिप्त 1 जेसीबी एक्सकैवेटर मशीन को जब्त कर लिया। वाहन को सुरक्षार्थ कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया है।
पीथमपुर से 7 ट्रैक्टर पकड़े गए
प्रशासनिक टीम ने ग्राम महुदा, पिपरदा, पुछेली, पीथमपुर, हाथनेवरा, चांपा और नवागढ़ क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पीथमपुर के पास हसदेव नदी क्षेत्र से खनिज रेत का अवैध रूप से परिवहन करते हुए 7 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। इन ट्रैक्टरों के चालकों के पास परिवहन संबंधी कोई वैध रॉयल्टी पर्ची या दस्तावेज मौजूद नहीं थे। खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए सभी 7 ट्रैक्टरों को जब्त कर संबंधित पुलिस थानों (चांपा व नवागढ़) तथा कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
कठोर धाराओं में दर्ज हुए मामले, जारी रहेगी कार्रवाई
खनिज विभाग के अनुसार, पकड़े गए सभी वाहनों और उनके मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के कड़े प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में प्राकृतिक संपदा की चोरी, अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग को आगे भी इसी तरह संयुक्त रूप से सघन गश्त और आकस्मिक छापेमारी जारी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।




