Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाधर्म भक्तिशिक्षा

ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी में गरबा महोत्सव का गरिमामय आयोजन: नन्हें बच्चों से लेकर अभिभावकों ने दिखाया उत्साह

संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डाॅ. गिरिराज गढ़ेवाल व प्राचार्या सोनाली सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ उत्सव; विजेताओं को मिले पुरस्कार

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी (जांजगीर) में भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डाॅ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं संस्था प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के कुशल निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव में विद्यार्थियों, अभिभावकों, अतिथियों और विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, डांडिया की खनक और भक्तिमय संगीत की मधुर धुनों से पूरा विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।

माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ विधिवत शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ आमंत्रित अतिथियों द्वारा मां दुर्गा के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। मुख्य अतिथि के रूप में रेसलर प्रतीक तिवारी, पलाश चंदेल, प्रायोजककर्ता ज्ञानेश तिवारी (श्रीराम मोशन पिक्चर), ग्रेंड गरबा नाईट, सतीश बुक डिपो व अग्रवाल डेकोरेशन जांजगीर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती प्रणिता अग्रवाल, श्रीमती रेणुका गढ़ेवाल, श्रीमती संध्या अग्रवाल, श्रीमती बबीता धानुका, श्रीमती सोनिया नय्यर एवं राजेश नय्यर शामिल हुए।

पारंपरिक गरबा और लजीज व्यंजनों के स्टॉलों ने मोहा मन

पारंपरिक गुजराती और भक्ति संगीत की धुनों पर विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने देर तक गरबा नृत्य का आनंद लिया। कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए परिसर में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों के स्टॉल भी लगाए गए थे। गरबा और खान-पान के इस संयोजन ने पूरे कार्यक्रम को एक पारिवारिक और आत्मीय उत्सव का रूप दे दिया। अतिथियों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की भावना का विकास होता है।

प्रतिभाशाली प्रतिभागियों और विजेताओं को मिला सम्मान

गरबा महोत्सव में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मंच पर आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसमें बेस्ट कपल का पुरस्कार श्री और श्रीमती नीलम सोनी को मिला, वहीं बेस्ट अटायर में बॉयज वर्ग में ईशान खत्री और गर्ल्स वर्ग में आद्या सिंह विजेता रहे। प्रतियोगिता में डाॅ. मंजू खैरवार को ‘गरबा क्वीन’ के खिताब से नवाजा गया। इसके साथ ही बेस्ट मेल परफाॅर्मर पुरूषोत्तम पटेल और मोस्ट एनरजेटिक परफाॅर्मेंस का पुरस्कार जेस्मीन को दिया गया। ग्रुप डांस में ‘गरबा चावस’ की दिशा खत्री व साथियों को बेस्ट ग्रुप ड्रेस, सिया ग्रुप की वाणीप्रिया तिवारी व अनुष्का शुक्ला को बेस्ट ग्रुप डांस गर्ल्स, आँचल बैसवार, निशिका शुक्ला, आस्था सिंह व रीता अग्रवाल को ओवरऑल बेस्ट फीमेल डांस ग्रुप तथा सात्विकी नामदेव, माही फर्रे, सेजल कंवर व चारूल पटेल को ऑलराउंडर ग्रुप के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

संस्था ने जताया सभी के प्रति आभार

विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्या ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाती है। कार्यक्रम के मुख्य संचालक ऋषभ अग्रवाल रहे, जबकि मंच संचालन श्रीमती नीलम सिंह, श्रीमती गार्गी सिंह एवं योगेश देवांगन ने संयुक्त रूप से किया।

Related Articles

Back to top button