जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर: छत्तीसगढ़ की माटी के गौरव स्व. बिसाहूदास महंत की 102वीं जयंती आज, 102 शिक्षाविदों का होगा सम्मान

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ अस्मिता के प्रतीक, प्रख्यात शिक्षाविद और हसदेव बांगो बांध निर्माण के प्रणेता स्वर्गीय बिसाहूदास महंत की 102वीं जयंती आज पूरे जिले में गौरव और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर गरिमामय श्रद्धांजलि सभा और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज 1 अप्रैल को शाम 5 बजे स्थानीय स्व. बीडीएम बालोद्यान, जांजगीर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत सपरिवार शामिल होंगे। इनके साथ ही जिले के सभी जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और महंत परिवार के शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।


102 शिक्षाविदों और वरिष्ठों का होगा अभिनंदन:
स्व. बिसाहूदास महंत की 102वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष रूप से जिले के 102 उत्कृष्ट शिक्षाविदों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही समाज सेवा में समर्पित जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजनों का भी अभिनंदन किया जाएगा। यह सम्मान उनके द्वारा समाज और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को समर्पित होगा।

भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुति:
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सांस्कृतिक गरिमा का भी समावेश रहेगा। अंचल के प्रसिद्ध गायक महेंद्र राठौर एवं उनकी टीम द्वारा कबीर भजन और शबद कीर्तन की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी।

आयोजकों की अपील:
आयोजन समिति ने जिले के समस्त नागरिकों, स्नेहियों और कांग्रेसजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वर्गीय बिसाहूदास महंत के सेवा और समर्पण के आदर्शों को याद करें और इस प्रेरणादायी आयोजन को सफल बनाएं।

Related Articles

Back to top button