समय-सीमा की बैठक: स्कूलों व आंगनबाड़ियों में 31 मार्च तक पूर्ण करें आधार अपडेट, अवैध रेत उत्खनन पर होगी कड़ी कार्रवाई ; कलेक्टर जन्मेजय महोबे

जांजगीर-चांपा | 2 मार्च 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शिक्षा, राजस्व और खनिज जैसे महत्वपूर्ण विभागों को कड़े निर्देश देते हुए आमजन से जुड़े कार्यों में गति लाने को कहा।
आधार अपडेट और शौचालय निर्माण को प्राथमिकता
कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि स्कूलों व आंगनबाड़ियों में विशेष शिविर लगाकर 31 मार्च तक सभी शेष छात्र-छात्राओं का आधार अपडेटेशन कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। साथ ही, उन्होंने विद्यालयों में शत-प्रतिशत बालिका शौचालयों का निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
अवैध रेत खनन और परिवहन पर कसेंगे नकेल
जिले में हो रहे अवैध रेत उत्खनन पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि उत्खनन में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल जब्ती और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पीएम सूर्यघर और जल संरक्षण अभियान
बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, 1 मार्च से शुरू हुए ‘विशेष जल संरक्षण महाभियान’ के तहत “हर घर सोक पिट” के माध्यम से जल संचय को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।
आरबीसी 6-4: प्राकृतिक आपदा प्रभावितों को आर्थिक सहायता राशि समय-सीमा में स्वीकृत कर वितरित करने के निर्देश। कचरा प्रबंधन: गीला एवं सूखा कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक डंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश। लापरवाही पर होगी कार्रवाई। ई-ऑफिस और अटेंडेंस: पारदर्शिता के लिए सभी फाइलों का संधारण ई-ऑफिस प्रणाली से करने और नियमित ई-अटेंडेंस दर्ज करने को कहा। फाइलेरिया मुक्त अभियान: जिले में चल रहे सामूहिक दवा सेवन अभियान की मॉनिटरिंग कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श आर के तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।




