दीर्घकालिक विकास का रोडमैप तैयार करेगा राज्य नीति आयोग: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने संभाला पदभार, नवा रायपुर स्थित नीति भवन में भव्य समारोह आयोजित
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास विज़न और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रगति को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को नवा रायपुर स्थित नीति भवन में राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने श्री मिश्रा को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
‘छत्तीसगढ़ विज़न 2047′ पर विशेष जोर
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की तर्ज पर ‘छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्युमेंट 2047’ तैयार किया गया है। यह दस्तावेज आने वाले वर्षों में प्रदेश के समग्र और भविष्योन्मुखी विकास की रूपरेखा तय करेगा। मुख्यमंत्री ने योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग के गठन को प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का छत्तीसगढ़ के पिछड़े क्षेत्रों में सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिख रहा है।
सुशासन और पारदर्शिता प्राथमिकता
श्री साय ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गणेश शंकर मिश्रा के लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ आयोग को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि आयोग द्वारा प्राप्त सुझावों को राज्य सरकार गंभीरता से लागू करेगी ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
भविष्योन्मुखी नीतियों से समृद्ध बनेगा प्रदेश: गणेश शंकर मिश्रा
पदभार ग्रहण करने के पश्चात नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे विशेषज्ञों और अधिकारियों के साथ मिलकर ऐसी भविष्योन्मुखी नीतियां तैयार करेंगे जो प्रदेश को आर्थिक और सामाजिक रूप से और अधिक समृद्ध बनाएंगी।
समारोह में दिग्गजों की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुश्री लता उसेंडी, विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी महापौर रामू रोहरा सहित राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. के. सुब्रह्मण्यम, सदस्य सचिव आशीष भट्ट और सचिव भुवनेश यादव सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





