Chhattisgarh

जशपुर में भीषण बस हादसा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश


रायपुर।  जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोडा अंबा के पास शुक्रवार को हुई एक दर्दनाक बस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस सड़क दुर्घटना में हुए असामयिक निधन को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि प्रभु शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन घड़ी और अपार कष्ट को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए सभी नागरिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने जशपुर जिला प्रशासन को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
श्री साय ने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की खुद निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तत्परता से राहत कार्यों में जुट गई हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।

Related Articles

Back to top button