जाँजगीर -चाँपा

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

साप्ताहिक जनदर्शन में 74 आवेदन प्राप्त, विभिन्न विभागों को कार्रवाई के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 10 मार्च। जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नागरिकों की समस्याएं संवेदनशीलतापूर्वक सुनीं और संबंधित विभागों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जनदर्शन का आयोजन कलेक्टोरेट सभाकक्ष जांजगीर में किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

जनदर्शन में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

जनदर्शन में विभिन्न प्रकार के आवेदन सामने आए। इनमें राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार, राशन कार्ड बनवाने, दिव्यांग पेंशन और ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा नया बिजली मीटर लगाने जैसे मामले शामिल रहे।

कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button