भक्ति की बयार: आचार्य अभिषेक चतुर्वेदी की मधुर वाणी से खोखरा हुआ कृष्णमय, जन्म प्रसंग पर जमकर झूमे श्रद्धालु

जांजगीर-खोखरा। ग्राम खोखरा में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। युवा कथावाचक आचार्य अभिषेक चतुर्वेदी की अमृतमयी वाणी से बह रही भागवत कथा की गंगा में गोते लगाकर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं।
‘नंद घर आनंद भयो’ के जयघोष से गूंजा पंडाल
कथा के दौरान जब भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, तो पूरा पंडाल “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। बाजे-गाजे और पटाखों की गूँज के बीच भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। आचार्य चतुर्वेदी ने भगवान के जन्म की मनोहारी कथा का अत्यंत सरल और भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर भक्त भक्ति रस में डूबकर झूमने लगे।
श्रद्धा और संगीत का अद्भुत संगम
युवा कथाकार आचार्य अभिषेक की प्रभावशाली शैली ने श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा। कथा के साथ-साथ भजनों और गीत-संगीत के दौर ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया है। इस धार्मिक आयोजन में न केवल खोखरा, बल्कि आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का रसपान करने पहुँच रहे हैं।
आयोजक ने जताया आभार
कार्यक्रम के आयोजक हनुमान प्रसाद धीवर ने बताया कि प्रतिदिन होने वाले भजन-कीर्तन और आरती से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया है। खोखरा ग्राम में हो रही यह कथा हमारी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का एक सुंदर उदाहरण पेश कर रही है।




