बलौदा: शराब के लिए पैसे न देने पर सरेराह गुंडागर्दी, पिता और दो बेटों ने मिलकर परिवार को पीटा; तीनों गिरफ्तार

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: पोंच गांव के तीन आरोपियों को भेजा गया जेल, इलाके में हड़कंप
जांजगीर-चांपा | बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम पोंच में शराब के नशे में धुत होकर मारपीट करने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्यों को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपियों ने शराब के लिए पैसे की मांग पूरी न होने पर प्रार्थी और उसके परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट की थी।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पोंच निवासी सुभाष दास ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 मार्च की रात करीब 9:30 बजे आरोपी वेद प्रकाश उर्फ शनि ने उसे घर के बाहर बुलाया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब सुभाष ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गया और मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने आए बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा
विवाद बढ़ता देख जब सुभाष के पिता, भाई और दादाजी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी वेद प्रकाश ने अपने पिता भानुदास और भाई विकास को मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस की ‘क्विक’ एक्शन, तीनों आरोपी दबोचे गए
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 116/2026 दर्ज कर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी
भानुदास वैष्णव (55 वर्ष) – पिता, विकास कुमार वैष्णव (24 वर्ष) – पुत्र, वेद प्रकाश उर्फ शनि वैष्णव (26 वर्ष) – पुत्र
(सभी निवासी: ग्राम पोंच, थाना बलौदा)
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि कौशल सिदार और पुलिस टीम के जवानों की अहम भूमिका रही।




