क्राइमजाँजगीर -चाँपा

शिवरीनारायण: घर में घुसकर Apple मोबाइल लूटा, विरोध करने पर दंपत्ति को पीटा; एक आरोपी गिरफ्तार

राहौद की घटना: 80 हजार का आईफोन और बाइक जप्त, फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

जांजगीर चाम्पा।जिले के राहौद में आज सुबह दुस्साहसी लुटेरों ने एक घर में घुसकर मोबाइल चोरी और मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, प्रार्थी की सतर्कता और शिवरीनारायण पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक मुख्य आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को दबोच लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का महंगा एप्पल मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, राहौद निवासी प्रार्थी सुदीप कुमार आज सुबह करीब 7:55 बजे अपने मकान के नीचे उतरे थे। इसी दौरान सुबह 8:00 बजे आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन अपने तीन अन्य साथियों के साथ जबरन घर के अंदर घुस गया। आरोपियों ने घर के अंदर रखे 80 हजार रुपये कीमत के दो एप्पल मोबाइल, एक सैमसंग कीपैड फोन और काउंटर से अन्य सामान समेट लिया।
विरोध करने पर दंपत्ति को जमीन पर पटका
जब सुदीप कुमार ने चोरी का विरोध किया, तो चारों आरोपियों ने उन पर और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। लुटेरों ने दंपत्ति को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। सुदीप के शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए, जिन्हें देखकर तीन आरोपी तो भाग निकले, लेकिन मौके पर प्रियेश कुमार बर्मन को पकड़ लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम और राहौद सहायता केंद्र का स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ जुर्म करना स्वीकार किया।

जप्त सामग्री: चोरी किया गया एप्पल आईफोन (कीमत ₹80,000)। अपराध में प्रयुक्त काला रंग की स्प्लेंडर बाइक (CG 11 BJ 9766)।
आरोपी नाम: प्रियेश कुमार बर्मन (24 वर्ष) निवासी: केसला, वार्ड नं. 07, थाना पामगढ़। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 96/2026, धारा 331(5), 305(ए), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
शिवरीनारायण पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस टीम अब फरार अन्य तीन आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सउनि आर.पी. बघेल, प्रधान आरक्षक सुधीर साहू और दिनेश चौहान सहित पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button