जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा: तीन माह तक चलेगा आवास एवं रोजगार का विशेष महाअभियान

जांजगीर-चांपा। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण विकास और जल संरक्षण को गति देने के लिए जिले में त्रैमासिक कार्ययोजना तैयार की गई है। कलेक्टर  जन्मेजय महोबे एवं जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आगामी तीन माह तक समस्त ग्राम पंचायतों में “आवास दिवस” एवं “रोजगार दिवस” का आयोजन महाअभियान के रूप में किया जाएगा। आगामी 07 अप्रैल को चावल महोत्सव के साथ इस अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।
90 कार्यदिवसों में आवास पूर्ण करने का लक्ष्य
अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों को आगामी 90 दिनों के भीतर पूर्ण करने का कड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्राम सभाओं के माध्यम से हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान, जियो-टैगिंग और लंबित किश्तों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
जल संरक्षण के लिए “मोर गांव-मोर पानी” अभियान
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए “मोर गांव-मोर पानी” कार्यक्रम के अंतर्गत जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण और भूमिपूजन किया जाएगा। महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से नए कार्यों की स्वीकृति, आजीविका डबरी निर्माण और नर्सरी कार्यों पर विशेष जोर दिया जाएगा। योजना की पारदर्शिता के लिए ‘युक्तिधारा पोर्टल’ और मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा।
जनभागीदारी पर विशेष बल
प्रशासन ने इस महाअभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। योजनाओं की जानकारी सुलभ बनाने हेतु अमृत सरोवरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर QR कोड युक्त सूचना पटल लगाए जाएंगे, जिससे आमजन शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

Related Articles

Back to top button