जाँजगीर -चाँपा

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, मिशन कर्मयोगी एप 8 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 6 अप्रैल 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों एवं प्राप्त शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

जनकल्याणकारी योजनाओं पर फोकस
कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे। राशन कार्ड बनाने में दस्तावेजों का पारदर्शी सत्यापन सुनिश्चित करने और प्रत्येक माह पीडीएस दुकानों में “चावल उत्सव” आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

मिशन कर्मयोगी एप पर सख्ती
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मिशन कर्मयोगी एप में निर्धारित पाठ्यक्रम एवं आवश्यक जानकारी 8 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर प्रशिक्षण प्राप्त करें।

सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
जांजगीर-अकलतरा सहित व्यस्ततम मार्गों पर विचरण कर रहे मवेशियों को अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुचारू यातायात के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

जल संरक्षण को अभियान बनाने के निर्देश
गर्मी को देखते हुए जल संरक्षण एवं संचयन के कार्यों को अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए गए। महात्मा गांधी नरेगा के तहत तालाब गहरीकरण, कुआं निर्माण, आजीविका डबरी और सोख्ता गड्ढों के कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया।

डिजिटल सिस्टम का अनिवार्य उपयोग
कलेक्टर ने ई-अटेंडेंस और ई-ऑफिस प्रणाली का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही बढ़ेगी।

पेयजल, वृक्षारोपण और खाद उपलब्धता पर जोर
गर्मी में पेयजल की नियमित आपूर्ति और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, वृक्षारोपण के लिए विभागवार कार्ययोजना बनाने और किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने तथा विभिन्न योजनाओं के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button